- कार सवार युवकों ने किसी तरह कूद कर बचाई जान
जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: मेरठ-करनाल हाइवे पर सोमवार की देर शाम एक भयानक हादसा होने से टल गया। बताया गया कि भीषण गर्मी के कारण बुढ़ाना की ओर से मेरठ आ रही कार में अचानक आग लग गई। जिसके बाद देखते ही देखते पल भर में कार जलकर राख हो गई। हालांकि कार सवार इस दौरान कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे। कार में आग लगने के कारण हाइवे पर काफी देर तक एक लेन पर आवागमन भी बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक, जानी निवासी दो युवक जो शराब के नशे में बताए गए हैं, सोमवार की देर शाम निरपुड़ा बागपत से किसी रिश्तेदारी से जानी लौट रहे थे। मेरठ-करनाल हाइवे पर बपारसी गांव से आगे और गोटका गांव से पहले पहुंचे तो अचानक चलती कार ने आग पकड़ ली और इससे पहले कि वह समझ कुछ समझ पाते देखते ही देखते कर धू-धूकर जलने लगी। यह देखकर दोनों कार सवार युवक खिड़की खोलकर कूदकर जान बचाने में सफल रहे। थोड़ी देर में कार जलकर राख हो गई।
भीषण गर्मी के कारण अचानक कार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया गया है। कार में आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड को भी फोन किया गया, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड आई तब तक कार जल कर राख हो चुकी थी। हादसे को लेकर हाइवे की एक लेन पर काफी देर तक आवागमन भी बाधित रहा। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को रोड से हटवाकर मार्ग चालू कराया गया।

