जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मेडिकल कॉलेजों में रिश्वत लेकर फर्जी निरीक्षण रिपोर्ट देने के आरोप में देशभर के छह राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में 40 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान तीन डॉक्टरों समेत छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
छत्तीसगढ़ में 55 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी
CBI की यह कार्रवाई नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान से जुड़े अधिकारियों और बिचौलियों के खिलाफ की गई। आरोप है कि इन लोगों ने मेडिकल कॉलेजों की मान्यता के लिए जरूरी निरीक्षण प्रक्रिया में हेरफेर किया और रिश्वत लेकर फर्जी रूप से अनुकूल रिपोर्ट दी।
CBI को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर जाल बिछाया गया, और 55 लाख रुपये की रिश्वत का लेनदेन करते हुए आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में निरीक्षण करने वाले डॉक्टर और कॉलेज से जुड़े पदाधिकारी शामिल हैं।
इंदौर सहित कई शहरों में ताबड़तोड़ छापेमारी
मध्य प्रदेश के इंदौर में भी CBI ने इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक के ठिकानों पर तड़के तीन बजे छापेमारी की, जो सुबह आठ बजे तक चली। यह छापेमारी पूरी तरह गोपनीय रखी गई थी, जिसे बाद में CBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सार्वजनिक किया।
CBI के अनुसार, रिश्वत की राशि बेंगलुरु तक पहुंचाई गई थी और इसे निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल किया गया। अभी भी कई राज्यों में तलाशी अभियान जारी है।
कोर्ट में पेश होंगे आरोपी, जांच जारी
CBI ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को संबंधित स्थानीय अदालतों में पेश किया जाएगा। एजेंसी ने यह भी संकेत दिया है कि जांच अब भी जारी है, और निकट भविष्य में कई और अहम खुलासे संभव हैं।
ये है मामला?
यह मामला मेडिकल कॉलेजों को दी जाने वाली मान्यता और उसके लिए किए जाने वाले निरीक्षण से जुड़ा है। आरोप है कि निरीक्षण के लिए भेजे गए डॉक्टरों और अधिकारियों ने भारी रिश्वत लेकर संस्थानों को अनुकूल रिपोर्ट दी, जिससे कॉलेजों को अवैध रूप से मान्यता मिल सकी। यह सीधे-सीधे स्वास्थ्य शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

