जनवाणी संवाददाता |
शामली: रविवार को साप्ताहिक बंदी में भी दुकानें खुली मिलने की सूचना पर श्रम विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। जिसके चलते दुकानदारों में भगदड़ मच गई और वह दुकानों के शटर गिराकर भागते नजर आए। इस दौरान विभाग ने एक दर्जन दुकानों के चालान काटे हैं।
जिलाधिकारी ने रविवार को साप्ताहिक बंदी का पूर्ण रूप से पालन कराने के अधिकारियों को निर्देश दे रखे हैं। साथ ही व्यापारियों को भी दुकानें खोलने पर चालान की चेतावनी दी थी। बावजूद इसके कुछ दुकानदार अपनी दुकानें खोल रहे हैं।
बहुत से दुकानदार तो आधे शटर खोलकर दुकानदारी कर रहे हैं। जिसकी सूचना पर श्रम विभाग की टीम ने शहर के कबड़ा बाजार, फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, बड़ा बाजार, लाल सिंह मार्किट आदि स्थानों पर छापेमारी की।
टीम को देखकर दुकानों में हड़कंप मच गया और दुकानदार शटर गिराकर भागते नजर आए। इस दौरान टीम ने शहर में एक दर्जन दुकानों के चालान काटे हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन किया गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

