- दिनभर सड़क रखी सड़क जाम, जमकर हुई नारेबाजी
- केस वर्कआउट करने में लगाई गई कई टीम
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के तहत पिलौना में मवाना-फलावदा मार्ग पर स्थित गैस गोदाम के समीप स्कूटी सवार हमलावरों ने कोचिंग सेंटर पर जा रहे संचालक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर दिनभर जाम लगाकर सरकार व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
थाना क्षेत्र के गांव सकौती निवासी सोनू पुत्र ज्ञान सिंह (28) मवाना में शिव एकाडमी के नाम से कोचिंग सेंटर चलाता है। मंगलवार को सुबह 8:30 बजे सोनू अपने भांजे मोहित के साथ कोचिंग सेंटर जा रहा था। इसी दौरान मवाना-फलावदा मार्ग पर गैस गोदाम के समीप स्कूटी सवार दो हमलावरों ने सोनू की पीठ में गोली मार दी।

वह वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। परिजन घायल सोनू को इलाज के लिए मेरठ हॉस्पिटल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों व सैकड़ों छात्रों ने फलावदा मवाना मार्ग पर जाम लगा दिया तथा मृतक के परिजनों को एक करोड़ के मुआवजे, एक नौकरी की मांग उठाई। इस दौरान विधायक प्रतिनिधी गौरव प्रधान व सीमा प्रधान, मोनू पवार भी मौके पर पहुंच गई।

घंटो जाम नहीं खुलने की सूचना पर पहुंचे एसपी देहात अवनीश पांडेय, सीओ उदय प्रताप, एडीएम मदन सिंह, एसडीएम सरधना अमित भारतीय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगए गए। घटना के बाद शाम तक मार्ग अवरुद्ध रहा। सीएम योगी के खिलाफ भी नारे बाजी की गई। देर शाम लिखित आश्वासन पर जाम खोला गया। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया गया है।

