- मंडल के बड़े स्टेशनों पर व्यापक स्तर पर किया गया स्वच्छता का कार्य
जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: स्वच्छता के राष्ट्रव्यापी अभियान के अनुपालन में भारतीय रेल पर आयोजित “स्वच्छता पखवाड़े” के अंतर्गत उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अपनी सशक्त भूमिका का निर्वहन करते हुए आज लखनऊ एवं वाराणसी सहित मंडल की परिसीमाओं में आने वाले समस्त बड़े स्टेशनों जैसे रायबरेली, उन्नाव, सुल्तानपुर पर साफ़ सफाई का कार्य व्यापक स्तन पर संचालित किया गया I आज की इस स्वच्छता गतिविधि के तहत स्टेशनों के प्लेटफार्मों, स्टेशन परिसरों, विश्रामालयों, प्रतीक्षालयों, प्रसाधन कक्षों, रेलवे ट्रैक, स्टेशन पर स्थित विभिन्न कार्यालयों, फुट ओवरब्रिज, सब-वे, यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न स्थलों सहित समस्त अन्य स्थानों की स्वच्छता का कार्य संपन्न किया गया।
इसके अतिरिक्त सूखे एवं गीले कूड़े को विभक्त करके तथा इसका अलग अलग एकत्रीकरण करने हेतु स्टेशनों पर समुचित संख्या में डस्टबिनों की उपलब्धता तथा कूड़े को यथासमय निस्तारित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्य किया गया साथ ही स्टेशनों पर शुद्ध जल संचयन तथा दूषित जल निकासी इत्यादि व्यवस्थाओं को भी परखा गया I निरंतर संचालित होने वाले इस पखवाड़े के तहत प्रत्येक दिवस पर स्वच्छता संबंधी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों को संचालित किये जाने वाले इस अभियान के अंतर्गत विगत दिवस में मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 20415,22407,12237 के कोचों की स्वच्छता का कार्य किया गया, साथ ही रेलकर्मियों के आवासीय परिसरों ,कॉलोनियों,तथा अन्य रेल संस्थानों में स्वच्छता संवाद स्थापित करते हुए रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों के बीच स्वच्छता के संदेश को प्रसारित करते हुए सभी को स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता एवं अनिवार्यता हेतु प्रेरित किया गया।

