जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर कड़ी टिप्पणी की है। पार्टी ने कहा कि तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी कर जनता पर करारा प्रहार किया गया है। कांग्रेस ने इसे चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हाल ही संपन्न विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि चुनावों के बाद पीएम मोदी की वसूली शुरू हो गई है।
‘महंगाई मैन’ मोदी ने जनता पर फिर हंटर चलाया
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “‘महंगाई मैन’ मोदी ने आज एक बार फिर जनता पर हमला किया। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जबकि सीएनजी की कीमतें दो रुपये बढ़ गई हैं। चुनाव खत्म—मोदी की वसूली शुरू।”
कितने बढ़े दाम और अब क्या हैं कीमतें?
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल का दाम 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया संघर्ष और ऊर्जा संकट के कारण दुनिया भर में ईंधन की आपूर्ति पर असर पड़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापार मार्ग में बाधा और अमेरिका-इस्राइल-ईरान संघर्ष के कारण ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुँच गई हैं।
ऊर्जा संकट और वैश्विक प्रभाव
ब्रेंट क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं। अमेरिका और ईरान क्षेत्र में दीर्घकालिक युद्धविराम के लिए मध्यस्थता का प्रयास कर रहे हैं। पश्चिम एशियाई देश, जो ईंधन के प्रमुख आपूर्तिकर्ता हैं, युद्ध के दायरे में शामिल हो गए हैं। इस वजह से वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ी है। हालांकि, भारत सरकार ने कहा है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है। कांग्रेस ने इस वृद्धि पर सवाल उठाते हुए लोगों से ईंधन संरक्षण की अपील की है।
पीएम मोदी पर कांग्रेस का तीखा हमला
कांग्रेस ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका में अदाणी पर चल रहे फ्रॉड केस को बंद करने के लिए मोदी ने एकतरफा समझौता किया। पार्टी का आरोप है कि यही कारण है कि मोदी अमेरिका के सामने खुलकर नहीं बोल पाते; जैसा ट्रंप कहते हैं, मोदी उतना ही करते हैं। कांग्रेस ने इसे मोदी की पूर्णत: समझौता करने वाली नीति बताया।

