जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने NEET-UG परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी है। अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को होगी। पहले यह 3 मई को आयोजित होने वाली थी, लेकिन पेपर लीक की आशंका के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। एनटीए ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की नई तारीख पर छात्रों को फीस दोबारा जमा करने की जरूरत नहीं होगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में बैठक
इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने NEET-UG की दोबारा परीक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि दोबारा परीक्षा पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से हो और छात्रों की मेहनत बर्बाद न हो।
छात्रों की मेहनत को कोई नुकसान नहीं
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने भरोसा दिया कि इस बार छात्रों की मेहनत के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया की वजह से लाखों ईमानदार छात्रों को नुकसान हुआ है और भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा, किसी के पास पेपर लीक से जुड़ी जानकारी या सैंपल पेपर हो तो वह एनटीए को ईमेल के माध्यम से भेज सकता है, और उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
इससे पहले, डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने केंद्र सरकार पर हमला किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए NEET-UG परीक्षा को छोड़ दिया जाए और राज्यों को 12वीं के अंकों के आधार पर मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में दाखिला देने की अनुमति दी जाए।

