- बिना मास्क वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित हो
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कोरोना वायरस महामारी के दृष्टिगत कलक्ट्रेट में स्थापित एकीकृत कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सेंटर पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में प्रगति जानते हुए शिकायत रजिस्टर को चेक किया।
शनिवार को कोविड कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान डीएम जसजीत कौर ने ड्यूटी प्रभारी को निर्देश दिए कि कोविड-19 के चलते जिनको होम आइसोलेट किया गया है उनसे निरंतर फोन पर वार्ता करते हुए उनका स्वास्थ्य संबंधित हाल जानते रहे। ड्यूटी प्रभारी ने बताया कि कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए निस्तारण किया जाता है। डीएम ने कोरोना के दृष्टिगत पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है इसके लिए जरूरी है कि शहर एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कोई भी बिना मास्क के ना रहे उसके लिए भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने सीएमओ से चिकित्सा एवं अन्य सुविधाओं में आ रही किसी प्रकार की कोई दिक्कत के संबंध में जानकारी की।
जिसमें सीएमओ ने बताया कि कहीं भी किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है, सभी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। इस मौके पर एडीएम अरविंद सिंह, सीएमओ डा. वीर बहादुर सिंह ढाका, कंट्रोल रूम में तैनात ड्यूटी प्रभारी एवं आदि उपस्थित रहे।

