- प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने टीम के साथ निरीक्षण किया तथा नियमित सफाई के साथ-साथ पशुओं को हरा चारा देने के लिए निर्देशित किया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आखिरकार नगर निगम अधिकारियों को सुध आई तथा उन्होंने गर्मी से बिलख रहे कान्हा उपवन में बड़े पंखे लगाने के लिए आदेश दिये हैं। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने टीम के साथ निरीक्षण किया तथा नियमित सफाई के साथ-साथ पशुओं को हरा चारा देने के लिए निर्देशित किया। साथ ही चेतावनी दी कि गोवंश की उचित देखभाल न करने पर कान्हा उपवन के स्टाफ पर कार्रवाई भी की जायेगी।
भाजपा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में सबसे मुख्य सड़कों पर बेसहारा घूम रहे आवारा गोवंश को प्रश्रय देना है। इसके लिए नगर निगम के माध्यम से परतापुर बराल में कान्हा उपवन के नाम से गोशाला बनाई गई है। जहां नगर निगम सीमा में आवारा घूम रहे गोवंश को ले जाकर उनकी सुध लेना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रमुख प्राथमिकता को जानते हुए भी अधिकारियों ने शुरू में तो कान्हा उपवन में इंतजामों पर बराबर नजर रखी, लेकिन अब फिर पुराना ढर्रा अपना लिया गया है।
यहां न तो पर्याप्त सफाई के इंतजाम किये जाते हैं और न ही पशुओं को हरा चारा दिया जाता है। बल्कि उन्हें सूखा चारा खाने के लिए दिया जाता है। गर्मी में पशुओं को तपते हुए टीन शेड के नीचे ऐसे ही गंदगी में रहना पड़ रहा है। साथ ही यहां पर सफाई के इंतजाम भी माकूल नहीं हैं। कई पंखे तो खराब भी पड़े हैं। जनवाणी ने कान्हा उपवन की दुर्दशा का गत दिवस प्रकाशन किया था।
इसपर नगर निगम के प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. हरपाल सिंह नगर निगम के स्वास्थ्य अनुभाग की टीम के साथ कान्हा उपवन के निरीक्षण के लिए पहुंचे। डा. हरपाल ने बताया कि गोवंश की उचित देखभाल के लिए उपवन संचालक को निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही यहां पर बड़े-बड़े पंखे लगवाने के लिए भी बजट रिलीज किया गया है। यह पंखे तत्काल लगवाने के लिए कहा गया है। ताकि गोवंश को राहत मिले।

