- लाखों कीमत की जमीन पर गंगोल रोड पर किया गया था अवैध कब्जा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: भारी पुलिस फोर्स की मदद से लाखों रुपये की कीमत की आंकी जा रही अपनी जमीन को नगर निगम की टीम ने अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया। निगम की टीम अपनी जमीन कब्जा मुक्त होने के बाद अब तारबंदी भी करेगी। बुधवार दोपहर परतापुर थाना क्षेत्र के गंगोल रोड स्थित एमएस सुकून हैंडीक्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा अवैध रूप से लंबे समय से कब्जाई गई नगर निगम की 630 वर्ग मीटर जमीन को नगर निगम की टीम ने कब्जा मुक्त कराया।
नगर निगम संपत्ति अधिकारी भोलेनाथ गौतम, लेखपाल, राजकुमार, रूद्रेश कंवरपाल, नायब तहसीलदार संजीव कुमार शाहिद प्रवर्तन दल की टीम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर से कंपनी की दीवार गिराकर नगर निगम की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। बता दे कि कई वर्षों से एमएस सुकून हैंडीक्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक बृजभूषण मित्तल व अंकुर मित्तल ने नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था।
वहीं, शिकायतकर्ता अनिल धारीवाल निवासी कंचनपुर घोपला ने इसी दौरान हंगामा करते हुए बताया की कंपनी के अंदर 2000 गज जमीन उनकी भी है। जिस पर कंपनी मालिक और उनकी पुत्रवधू ने जब रन कब्जा कर रखा है। वहीं, उन्होंने बताया कि कई विभागों की जमीन पर फैक्ट्री मालिक ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है और शिकायत करने पर अपने आप को सत्ता के बड़े नेताओं से जुड़े होने की बात कहता है।
पुलिस की टोपी पहनकर खनन माफिया को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दौराला: एक बड़े खनन माफिया को पुलिस की टोपी पहनकर ग्रामीणों पर रौब गालिब करने वाले कैली गांव निवासी आरोपी अहसान को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि कैली गांव निवासी अहसान किसी भी सरकारी विभाग में नहीं है।

अहसान गांव में ही रहकर बड़े स्तर पर खनन का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता हैं, लेकिन पुलिस की कैप लगाकर नकली पुलिसकर्मी बनकर ग्रामीणों पर रौब गालिब करता था। मंगलवार को सोशल मीडिया पर अहसान का कैप पहने हुए फोटो वायरल हुआ, जिस पर पुलिस ने फोटो के माध्यम से उसकी पहचान कराई। बुधवार को पुलिस ने कैली गांव पहुंचकर अहसान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अहसान को जेल भेज दिया।
नौचंदी पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले को दबोचा
मेरठ: थाना नौचंदी पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले आरोपी जुनैद को गिरफ्तार किया है। इसे फैसल मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले इसके साथियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। नौचंदी क्षेत्र निवासी जाकिर हुसैन ने दो मार्च को थाने में रंगदारी का मुकदमा लिखवाया था। तभी से पुलिस जुनैद निवासी ढवाईनगर तेलीवाड़ा की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। बुधवार को पुलिस को खबर मिली की जुनैद फैसल मस्जिद के पास घूम रहा है। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत ही मौके पर पहुंचकर जुनैद को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि इसके साथियों को पहले ही जेल भेज दिया गया है।

