नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत राज्य की सभी 243 सीटों की आज मतगणना हो रही है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, झारखंड, तेलंगाना, पंजाब, मिजोरम और ओडिशा में हुई कुल 8 उपचुनाव सीटों के परिणाम भी आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से पूरे राज्य में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू किया गया।
बिहार में 2,616 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
बिहार में दो चरणों—6 और 11 नवंबर—में मतदान कराया गया था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस बार 67.13% वोटिंग हुई, जो अब तक का सर्वाधिक मतदान प्रतिशत है। राज्य में कुल 7 करोड़ 45 लाख 26 हजार 858 मतदाता सूचीबद्ध हैं, जबकि 2,616 उम्मीदवार मैदान में अपनी किस्मत आजमाई है।
चुनाव आयोग ने जानकारी दी कि किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार ने पुनर्मतदान की कोई मांग नहीं की। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 38 जिलों से कोई अपील नहीं मिली। आयोग ने इसे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता का मजबूत संकेत बताया।
38 जिलों में 46 मतगणना केंद्र, 4,372 टेबल पर काउंटिंग
राज्य के सभी 38 जिलों में 46 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती जारी है। कुल 4,372 मतगणना टेबल लगाए गए हैं। 243 रिटर्निंग अधिकारी और उतनी ही संख्या में पर्यवेक्षक तैनात हैं। उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की कड़ी निगरानी में काउंटिंग जारी है।
मतगणना को देखते हुए पटना में सभी स्कूलों को आज बंद रखा गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
इन राज्यों की सीटों पर भी हो रहे हैं नतीजे घोषित
बिहार के साथ-साथ देश के कई राज्यों में हुए उपचुनावों के नतीजे भी आज घोषित किए जा रहे हैं:
जम्मू-कश्मीर: बडगाम, नगरोटा
राजस्थान: अंता
झारखंड: घाटशिला
तेलंगाना: जुबली हिल्स
पंजाब: तरनतारन
मिजोरम: डम्पा
ओडिशा: नुआपाड़ा
इन सभी सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ था।

