नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। विदेशी पूंजी की ताजा निकासी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों पर आगे कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिए जाने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके चलते गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार ने शुरुआती कारोबार में कमजोरी दिखाई।
सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट
एसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 297.96 अंक टूटकर 84,699.17 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 90.05 अंक गिरकर 25,963.85 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
गिरावट वाले शेयरों में सन फार्मा, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड, आईटीसी, टाटा स्टील और एशियन पेंट्स शामिल रहे। वहीं लार्सन एंड टुब्रो, इटरनल, अदानी पोर्ट्स और मारुति के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई।
फेड की टिप्पणियों से कमजोर हुई धारणा
मेहता लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने कल के सकारात्मक सत्र में भी बिकवाली की। वॉल स्ट्रीट में रातभर की सुस्ती और फेड अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की टिप्पणियों से बाजार का रुख सतर्क हो गया।
उन्होंने कहा, “फेड चेयरमैन की यह टिप्पणी कि दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें अब टल सकती हैं, निवेशकों की धारणा को कमजोर कर रही है।”
फेड की दर कटौती पर प्रतिक्रिया
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, “फेड ने 25 आधार अंकों की ब्याज दर कटौती की है, जो अपेक्षित थी। हालांकि, चेयरमैन पॉवेल की यह चेतावनी कि 2025 में और कटौती की कोई गारंटी नहीं है, ने वैश्विक बाजारों के उत्साह को ठंडा कर दिया।”
विदेशी बाजारों का रुख
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। वहीं, बुधवार को अमेरिकी बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए।
ट्रंप-शी वार्ता पर नजरें
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि फेड की दर कटौती बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रही, इसलिए इसका ज्यादा असर नहीं हुआ। अब निवेशकों का ध्यान दक्षिण कोरिया में होने वाली ट्रंप-शी शिखर वार्ता के परिणामों पर टिका है।
ब्रेंट क्रूड में गिरावट
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.22% गिरकर 64.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
पिछले सत्र का हाल
बुधवार को सेंसेक्स 368.97 अंक (0.44%) बढ़कर 84,997.13 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 117.70 अंक (0.45%) चढ़कर 26,053.90 पर बंद हुआ।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, एफआईआई ने बुधवार को 2,540.16 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

