- नितिशा के पति और युवा सपा नेता कार्तिकेय राणा ने ठोकी ताल
- कार्तिकेय ने कहा-झुकने का सवाल नहीं, अदालत पर है पक्का भरोसा
मुख्य संवाददाता |
सहारनपुर: डंडे के बल पर पंचायत चुनाव में भाजपा विरोधी दलों के प्रत्याशियों को दबाने वाली प्रशासनिक मशीनरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खासकर देवबंद ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी इसलिए बढ़ गई लगती है कि यहां सपा की ओर से ब्लाक प्रमुख पद की प्रत्याशी नितिशा सिंह द्वारा हाई कोर्ट में दायर याचिका पर मंगलवार को सुनवाई होगी। अदालत ने पंचायती राज सचिव समेत छह को नोटिस भेजा है।
दिलचस्प ये है कि देवबंद विकास खंड क्षेत्र के 102 में से 71 बीडीसी सदस्यों ने कोर्ट में नितिशा के पक्ष में शपथ पत्र दिया है। दो जजों की खंडपीठ मंगलवार को इस मसले पर सुनवाई करेगी। अगर फैसला नितिशा के पक्ष में आता है तो कई अधिकारी दंड के भागी भी हो सकते हैं। यह भी हो सकता है कि देवबंद में फिर से ब्लाक प्रमुखी के चुनाव कराए जाएं।

