- पटरी, ठेले व खोमचे वालों के लिए चलाई जा रही योजना का लाभ दिलाने को पालिका प्रयासरत
जनवाणी ब्यूरो |
धामपुर: कोरोना वायरस से फैली महामारी और उसके संक्रमण के कारण लॉक डाउन में पटरी से उतरी व्यवस्था को सुधारने में लगी प्रदेश सरकार से कदम ताल मिला रही नपा धामपुर ने मजदूरी कर रोजी रोटी कमाने वाले पटरी, ठेला व खोमचे वालों को प्रमाण पत्रों का वितरण किया।
चेयरमैन राजू गुप्ता ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर दिलाने के लिए वह हर संभव प्रयास करते आ रहे हैं, जिससे कि लोगों को दस हजार उधार दिला कर मदद की जा सके।
चेयरमैन राजू गुप्ता ने बुधवार को पालिका परिसर में रेहड़ी, पटरी पर व्यापार करने वालों को प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पटरी दुकानदार को शर्तों के आधार पर दस हजार रुपये ऋण देकर व्यवसाय को फिर से शुरू करने की योजना चलाई है।
लॉकडाउन के बाद सड़कों पर व्यवसायिक व्यवस्था को सुधारा जा सके और रेहड़ी, पटरी, ठेला लगाकर परिवार का लालन पालन करने वाले लोग पुन: आत्मनिर्भर बने।
प्रदेश के सीएम पटरी दुकानदारों के लिए संकट मोचक बनकर उभरे हैं। नगरीय क्षेत्रों में पटरी व रेहड़ी दुकानदारों को सरकार ने दस हजार रुपये तक का ऋण देने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया है। प्रदेश में आसानी से ऋण दिलाने के लिए सीएम ने पालिकाओं को सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना वायरस से फैले संक्रमण और लॉकडाउन की सर्वाधिक मार रेहड़ी, ठेला, खोमचा या पटरी के किनारे रोजी-रोटी कमाने वाले दैनिक मजदूरों पर ही पड़ी है।
ऐसे में उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार बतौर ऋण दस हजार रुपये देने का काम कर रही है। नगर धामपुर के 1542 ऐसे लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नगर के करीब 750 से अधिक ठेला लगाकर व्यापार करने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए हैं। इस अवसर पर बाबू सुनील कुमार, मनोज कुमार, पुष्पेंद्र सक्सैना, अरुण कुमार, चेतन स्वरुप सिंह, विशाल अग्रवाल, अमित गुप्ता आदि शामिल रहे।

