जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी खाद्य और पेय पदार्थ स्टार्टअप ‘सेवन इंक ब्रूज’ के हिस्सेदार बन गए हैं और उनके अपने मशहूर हेलिकॉप्टर शॉट से प्रेरित चॉकलेट भी मंगलवार को लांच की। मुंबई स्थित इस कंपनी के संस्थापक मोहित भागचंदानी और सह संस्थापक आदिल मिस्त्री तथा कुणाल पटेल हैं।
चॉकलेट और पेय पदार्थों (अल्कोहल और बिना अल्कोहल वाले) की नई रेंज ब्रांड ‘कॉप्टर सेवन’ के तहत लांच की गई जो धौनी के हेलिकॉप्टर शॉट और उनकी जर्सी से प्रेरित है। धौनी ने कंपनी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा कि जब आप किसी कंपनी के नजरिये से प्रभावित होते हैं तो यह भागीदारी और सार्थक हो जाती है।
मुझे इस कंपनी का हिस्सेदार बनने की बहुत खुशी है। मुंबई, पुणे, गोवा और बेंगलुरू में लांच के बाद उत्पादों को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, पंजाब और चंडीगढ़ में भी लांच किया जाएगा।

