- चढ़त के दौरान तमंंचे से फायरिंग करते युवक का वीडियो हो रहा वायरल
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: शादी समारोह में हथियारों का प्रदर्शन आम होता जा रहा है। मंगलवार को फिर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जो सरधना के ग्राम कुलंजन का बताया जा रहा है। शादी समारोह में चढ़त के दौरान एक युवक तमंचे से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो में युवक फायरिंग के बाद तमंचे के साथ बग्गी से उतरते हुए देखा जा सकता है। समारोह में तमंचे से कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।

बीते सोमवार की रात कोतवाली क्षेत्र के कुलंजन गांव में शादी समारोह का आयोजन था। चढ़त के दौरान एक युवक ने तमंचे से हर्ष फायरिंग की। इसी बीच किसी ने उसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवक तमंचे के साथ बग्गी से उतरते हुए नजर आ रहा है। इससे पहले भी तमंचे से फायरिंग करते हुए कई वीडियो सामने आ चुके हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रताप सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मुल्हैड़ा में तमंंचे से फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार
क्षेत्र के मुल्हैड़ा गांव में एक युवक ने शादी समारोह के दौरान तमंचे से फायरिंग कर दी थी। जिसको लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी थी। हालांकि मारपीट के मामले में दोनों पक्षां के बीच समझौते की बात सामने आई थी। मगर फायरिंग करते हुए युवक का वीडियो भी वायरल हो गया था। वायरल हुए दो वीडियो में से एक में युवक फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा था। वहीं दूसरे वीडियो में दो तमंचे व तलवार का प्रदर्शन करते हुए युवक नजर आ रहा था।
वीडियो वायरल की खबर छपने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस युवक से एक ही तमंचा बरामद कर पाई। पुलिस का कहना है कि तमंचा प्रदर्शन का वीडियो कई साल पुराना है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी सचिन पुत्र काले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रताप सिंह का कहना है कि कई तमंचे के साथ वायरल वीडियो पुराना है। फायरिंग करने वाले युवक से तमंचा बरामद हुआ है। मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है।
प्लॉट में खुदाई करने की नहीं ली विभाग से अनुमति
भावनपुर क्षेत्र गंगानगर में बेसमेन्ट बनाने के लिए चल रही खुदाई में मिट्टी की ढांग गिरने से रविवार को हुई तीन मजदूर की मौत में पुलिस ने जांचपड़ताल कर कई विभाग से तमाम सबूत एकत्र किये हैं। वहीं प्लॉट मालिक ने बेसमेन्ट में खुदाई करने के लिए खनन विभाग से कोई अनुमति नहीं ली थी। भावनपुर क्षेत्र गंगानगर में एक प्लॉट में खुदाई के दौरान हुई तीन मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद ठेकेदारों और प्लॉट मालिक पर शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। जिसके चलते पुलिस ने एमडीए विभाग और खनन विभाग से तमाम सबूत एकत्र कर आरोपियों की घेराबंदी शुरु कर दी है।
गाजियाबाद, वैशाली कालोनी निवासी प्लॉट मालिक ने बेसमेन्ट बनाने के लिए मिट्टी की खुदाई के लिए कलक्ट्रेट स्थित खनन विभाग से कोई अनुमति नहीं ली थी। पुलिस जांचपड़ताल में खुदाई की अनुमति न लेने की बात प्रकाश में आई है। उधर, थाना भावनपुर पुलिस ने मंगलवार को पूरे दिन आरोपियों की धरपकड़ के लिए मजबूत तरीके से तमाम तथ्यात्मक सबूत एकत्र किये। पुलिस जल्दी ही कांट्रेक्टर गोपाल शर्मा और मुकुल शर्मा व प्लॉट मालिक की गिरफ्तारी के लिए बुधवार से प्रयास तेज करेगी।

