नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना, लगातार चिड़चिड़ापन महसूस होना, तनाव और मानसिक थकान जैसी समस्याएं आम होती जा रही हैं। ऐसे में योग मन और शरीर दोनों को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
हर मानसिक अवस्था के लिए उपयुक्त योगासन मौजूद हैं, जो मन को शांत करने और भावनाओं को संतुलित करने में मदद करते हैं। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मद्देनजर मंत्रालय लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील कर रहा है।
मंत्रालय का कहना है कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है। योग विशेषज्ञों के अनुसार, यदि आप अक्सर गुस्सा, तनाव या चिड़चिड़ेपन का अनुभव करते हैं, तो रोजाना 10-15 मिनट कुछ विशेष योगासनों का अभ्यास लाभदायक हो सकता है।
1. वीरभद्रासन
यह आसन शरीर और मन दोनों को मजबूत बनाता है। तनाव और गुस्से की स्थिति में इसका अभ्यास आत्मविश्वास बढ़ाने और नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में मदद करता है।
2. बालासन
यह एक बेहद आरामदायक और शांतिदायक मुद्रा है। मानसिक तनाव या बेचैनी के समय बालासन मस्तिष्क को आराम पहुंचाता है और शरीर को रिलैक्स करने में सहायक होता है।
3. पद्मासन
ध्यान और एकाग्रता के लिए यह सबसे प्रभावी आसनों में से एक माना जाता है। नियमित अभ्यास से मन की चंचलता कम होती है, भावनात्मक संतुलन बेहतर होता है और शांति का अनुभव होता है।
4. अर्ध चक्रासन
यह आसन रीढ़ और कमर को मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक स्थिरता बढ़ाने में भी मदद करता है। इसके नियमित अभ्यास से मानसिक थकान कम हो सकती है।
योग विशेषज्ञों का कहना है कि गहरी और नियंत्रित श्वास के साथ इन आसनों का अभ्यास करने से तनाव कम होता है, मन शांत रहता है और दिनभर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।

