- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: बाइक सवार विद्युत संविदा कर्मी की कंटेनर से कुचल जाने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मार्ग पर जाम लग गया। राहगीरों की मदद से पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर धामपुर सीएचसी स्थित मोरचरी में पहुंचाया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
अल्हैपुर ब्लॉक के गांव नौरंगाबाद निवासी करीमुददीन ने बताया कि उसका तीसरे नंबर को पुत्र 23 वर्षीय मोहम्मद साजिद अफजलगढ विद्युत सब स्टेशन पर बतौर संविदा कर्मी था। सोमवार की सुबह वह अफजलगढ जाने के लिए बाइक पर घर से निकला। जैसे ही वह धामपुर-शेरकोट मार्ग स्थित राजपूताना बैंकट हाल के पास पहुंचा तो सामने से तेजगति से आ रहे कंटेनर ने उसे बाइक सहित कुचल डाला।
हादसे में साजिद की मौके पर ही मौत हो गईं। बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से साजिद के शव को धामपुर के सरकारी अस्पताल की अस्थायी मोरचरी में पहुंचाया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता करीमुददीन ने घटना की तहरीर पुलिस को देकर आरोपी वाहन व उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। तहरीर पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

