- बच्चों के विवाद में लाठी-डंडों से शुरू हुई लड़ाई फायरिंग तक पहुंची
- तीन को लगी गोली पुलिस ने तीन लोगों को लिया हिरासत में
जनवाणी संवाददाता |
इंचौली: बच्चों के विवाद ने एक बड़ा रूप ले लिया। थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार दोपहर गुर्जर समाज के दो पक्षों में जमकर सिर फुटव्वल, मारपीट, पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। जिसमें तीन लोगों को गोली लगी और कई अन्य पत्थरों से घायल हुए। घायलों को गंगानगर के अप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची इंचौली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले आई और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
इंचौली एसओ अंकित चौहान के अनुसार कस्तला शमशेर नगर गांव में रवि पुत्र ब्रह्मपाल गुर्जर व त्रिलोक पुत्र भुलेराम के बच्चों में तीन-चार माह पूर्व मारपीट और विवाद हुआ था। उस समय तो मामला गणमान्य लोगों ने निपट लिया था, लेकिन रविवार दोपहर रवि गन्ने छील रहे थे। त्रिलोक पक्ष के लोग एकत्र होकर खेत पर पहुंच गए और रवि व उसके बेटे सौरभ के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी।
उसके बाद दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए। आरोप है कि त्रिलोक पक्ष के लोगों ने मकान की छत पर चढ़ गए और रवि पक्ष पर पथराव व ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें 12 बोर के छर्रे लगने से रवि पक्ष के दीपक पुत्र रणधीर सिंह व तिलकराम पुत्र जिले सिंह नागर गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि पथराव से गलियां पट गई। जिससे ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई और ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए।
पथराव, मारपीट और फायरिंग में ब्रह्म सिंह भगत सिंह जगप्रवेश, धीर सिंह आदि भी गंभीर रूप से घायल हुए। जबकि दूसरे पक्ष त्रिलोक गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए। इस बीच 30 राउंड फायरिंग भी हुई। लोगों का कहना है कि पुलिस सूचना के बाद भी घंटों बाद पहुंची।
इसी बीच ग्रामीणों ने घायलों को गंगानगर स्थित अप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से जिला अस्पताल भेज दिया। एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तिलकचंद, सोनू व बिजेंद्र को हिरासत में लेकर थाने ले आए। पुलिस ने आरोपियों पर 307 का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

