जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दक्षिण भारत में इन दिनों बारिश मुसीबत बनकर टूट रही है। केरल में शनिवार बार से हो रही है बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है। वहीं, कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं।
भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न बांधों में जल स्तर रेड अलर्ट के स्तर पर पहुंच गया और रविवार सुबह तक कई सड़कें जलमग्न हो गईं।
मौसम विभाग ने कहा कि स्थिति अगले दो दिनों तक विशेष रूप से राज्य के दक्षिणी हिस्सों में जारी रहने की संभावना है। इडुक्की जिला प्रशासन ने बताया कि तमिलनाडु सरकार के मुताबिक, रविवार सुबह मुल्लापेरियार बांध का जलस्तर 140 फीट तक पहुंच गया है।
जिसकी वजह से पेरियार के दोनों किनारों पर रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने अधिक बारिश होने पर अगले 24 घंटों में बांध के शटर खोलने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, पथानामथिट्टा के जिला प्रशासन ने भारी बारिश के चलते नदी किनारे रहने वाले निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

