- मन मोहेंगे वृंदावन के कलाकार
- सजेगा बाबा औघड़नाथी का भव्य दरबार
- कोलकाता के फूलों से होगा शृंगार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: औघड़नाथ मंदिर में ठाकुर जी का फूल बंगला सजेगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डा. महेश बंसल ने बताया कि दो साल से कोरोना के कारण वृहद स्तर पर आयोजन नहीं हो रहा था। कांवड़ जहां पूरे उल्लास से रही तो वहीं जन्माष्टमी पर भी भव्य सजावट होगी। महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि ठाकुर जी का फूल बंगला सजाया जाएगा और कोलकाता के फूलों से श्रृंगार किया जाएगा।

बाबा औघड़दानी का जहां भव्य दरबार सजेगा तो वहीं माता रानी के दरबार की भी विशेष साज-सज्जा होगी। वहीं दूसरी ओर कमिश्नरी आवास पर हर बार लगने वाला मेला भी लगेगा। मेला समिति के आयोजक वरुण गोयल ने बताया कि अध्यक्ष पंकज राणा के सान्निध्य में भव्य आयोजन होगा। जेलचुंगी चौराहे पर स्थित बाटेश्वर महादेव मंदिर में आकर्षक सजावट होगी।

पूर्व की भांति मेला लगेगा। इसमें राधा-कृष्ण की झांकी और कलाकारों का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। 18 व 19 को दो दिन जन्माष्टमी का उत्सव मनेगा। रात 12 बजे आरती होगी और इसके बाद चरणामृत का प्रसाद वितरित होगा। भगवान को माखन-मिश्री का भोग लगेगा। इसी के साथ राधा-कृष्ण मंदिर शारदा रोड पर भव्य सजावट के बाद महाआरती होगी।
आयोजक अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि भगवान की झांकियां और कलाकारों का नृत्य भी होगा। खाटू श्याम मंदिर मुल्तान नगर व शहर दाल मंडी में भी संकीर्तन होगा और भव्य आयोजन किया जाएगा। थापरनगर स्थित श्रीकृष्ण-राधा मंदिर में भी भव्य झांकियां सजेंगी और आयोजन होगा।

