- सड़क सुरक्षा माह का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात के नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। सोमवार को बतौर मुख्य अतिथि विधायक तेजेंद्र निर्वाल उप संभागीय परिवहन शामली के तत्वावधान में 18 जनवरी से आगामी 17 फरवरी तक मनाए जाने वाले सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम के अवसर पर विचार व्यक्त कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए और मोटर साइकिल पर यात्रा करते समय हेलमेट का एवं कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक रूप से करें। उन्होंने उपस्थित जन सामान्य से आह्वान किया कि यातायात के नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें और यह जानकारी अपने आसपास और चिर परिचितों को भी दें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम का उद्देश्य यातायात के नियमों के प्रति जन सामान्य को अधिक से अधिक जागरूक करना है। ताकि वे यातायात के नियमों का पालन करें। डीएम ने उपस्थित सभी से अनुरोध किया कि मोटर साइकिल चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट का इस्तेमाल आवश्यक रूप से करना चाहिए।

उन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने के फायदे भी बताए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का इंतजार ना करें, इस बात को अंदर से सोचे और यातायात के सभी नियमों का पालन करना है। इस बात को अपने जीवन का लाइफ स्टाइल बनाएं। डीएम ने संभागीय परिवहन अधिकारी को स्कूल-कालेजों को इस अभियान में जोड़ने के लिए स्कूलों के प्रधानाचार्य के साथ बैठक करने के साथ ही रोडवेज एवं प्राइवेट ड्राइवरों को भी यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को यातायात के प्रति जिम्मेदार बनने और अन्य को भी बनाने एवं यातायात के नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि यातायात के नियमों का पालन शत-प्रतिशत होगा तो अपनी सुरक्षा होगी और अपने समाज के लोगों की सुरक्षा होगी।
कार्यक्रम के अंत में विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मुंशीलाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रैफिक नियमों के पालन की दिलाई शपथ
कार्यक्रम में विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। वाहन निर्धारित गति एवं निर्धारित लेन में चलाएं। एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन को आगे जाने के लिए तुरंत साइड दें। कभी भी गलत साइड से ओवरटेक न करें। अपनी आंखों एवं स्वास्थ्य की नियमित रूप से जांच कराएं। कभी भी नींद एवं थकान की स्थिति में वाहन न चलाएं। साथ ही, महिला एवं यात्रियों का सदैव सम्मान करें। उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर रहें।

