जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शास्त्री नगर के ब्लॉक स्थित पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा खंड़ित किए जाने को लेकर कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। समझा-बुझाकर कांग्रेसियों को शांत किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी प्रकार समझा बुझाकर कांगे्रसियों को शांत किया। साथ ही खंड़ित प्रतिमा की मरम्मत कर दी गई है।
कांग्रेसियों ने प्रशासन से दूसरी प्रतिमा लगाए जाने की मांग की है। पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा खंड़ित किए जाने पर तमाम कांग्रेसियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शहर कांग्रेस के प्रवक्ता अखिल कौशिक को सबसे पहले प्रतिमा खंड़ित किए जाने की खबर मिली। इसके बाद पूरा शहर संगठन मौके पर पहुंच गया।
अध्यक्ष जाहिद अंसारी, अखिल कौशिक, रोबिन नाथ गोलू, नफीस सैफी, अरुण शर्मा, आशा राम, चमन जाटव, अमित गुप्ता, वसीम आदि वहां पहुंच गए। पुलिस ने मामले को संभाला। वहीं, दूसरी ओर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश काजला, शहजाद यूसुफ, पंडित नवनीत नागर, जहांगीर मंसूरी, प्रदेश कांग्रेस सचिव चौधरी यशपाल सिंह, जिला कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर, खेमचंद पहलवान, राजीव शर्मा, नईम, सलीम पठान, सलीम खान, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशन कुमार किशनी व यूसुफ कुरैशी आदि ने भी इस कृत्य की कठोर शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए अपने प्राणों को उत्सर्ग किया है। उनकी प्रतिमा को खंड़ित किया जाना अपराध है। यह देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की घटनाओं की कठोर निंदा करती है।

