नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देशभर में योग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई केंद्रीय मंत्री और आम लोग योग करते नजर आए। इस बीच बॉलीवुड सितारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया।
मुंबई में अक्षय कुमार और मनसुख मांडविया ने किया योग
मुंबई में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और अभिनेता अक्षय कुमार ने साथ मिलकर योग किया। दोनों ने उपस्थित लोगों के साथ योगाभ्यास करते हुए फिट और स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ उम्र के लिए योग’ रखी गई है।
गुरुग्राम में शिल्पा शेट्टी ने बढ़ाया उत्साह
हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित योग कार्यक्रम में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों के साथ योग करते हुए फिटनेस का संदेश दिया और मंच से योग के महत्व पर बात की। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने भी पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
शिल्पा शेट्टी ने कहा कि योग व्यक्ति को अंदर से संतुलित और फोकस्ड बनाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में नियमित योग को अपनाएं, क्योंकि अनुशासन और निरंतरता सफलता की कुंजी है।
बेटे के साथ योग करती नजर आईं शिल्पा शेट्टी
कार्यक्रम के दौरान शिल्पा शेट्टी अपने बेटे को भी योग सिखाती नजर आईं, जिससे यह पल और खास बन गया।
सुनील शेट्टी और नील नितिन मुकेश ने दिया फिटनेस संदेश
अभिनेता सुनील शेट्टी ने कहा कि नियमितता ही फिट रहने का सबसे बड़ा मंत्र है और रोजाना थोड़ा-थोड़ा योग करने से सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है।
वहीं नील नितिन मुकेश ने मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है और योग इसके लिए सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा लेने की बात भी कही।
अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी साझा किए विचार
अभिनेता मुकेश ऋषि ने कहा कि योग के फायदे अनगिनत हैं और वे लंबे समय से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल किए हुए हैं।
फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा ने संदेश दिया कि यदि लोग हर दिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें तो वे हमेशा स्वस्थ रह सकते हैं। उन्होंने सभी को योग दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

