नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ का सफर आखिरकार समाप्त हो गया है और ग्रैंड फिनाले में इस सीजन के विजेता का एलान कर दिया गया है। गौरव खन्ना ने फरहाना भट्ट को मात देकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। फिनाले में होस्ट सलमान खान ने सीजन 19 के विनर के रूप में गौरव खन्ना का नाम घोषित किया।
गौरव खन्ना को मिली 50 लाख की प्राइज मनी
बिग बॉस 19 के विजेता बने गौरव खन्ना शुरुआत से ही शो में मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। सीजन के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण टास्क जीतते हुए टिकट टू फिनाले हासिल किया था, जिससे उनकी टॉप 5 में जगह पहले ही पक्की हो गई थी। इसके बाद वह टॉप 2 में पहुंचे, जहां उनका मुकाबला फरहाना भट्ट से हुआ। फिनाले में गौरव के नाम का बतौर विनर एलान किया गया। विजेता बनने पर गौरव को शो की ट्रॉफी के साथ-साथ 50 लाख रुपये की प्राइज मनी भी इनाम में मिली है।
टीवी जगत के लोकप्रिय अभिनेता हैं गौरव खन्ना
गौरव खन्ना का जन्म 11 दिसंबर 1981 को कानपुर में हुआ था। वह हिंदी टेलीविजन के चर्चित चेहरे हैं और कई लोकप्रिय सीरियल्स में अपनी अदाकारी से पहचान बना चुके हैं। उन्हें सबसे अधिक लोकप्रियता Star Plus के शो ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया के किरदार से मिली। इस भूमिका के लिए उन्हें इंडियन टेली अवार्ड में मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा गौरव ने रियलिटी शो ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया सीजन 1’ भी अपने नाम किया था।
गौरव ने फरहाना को दी मात
गौरव खन्ना का मुकाबला फिनाले में फरहाना के साथ रहा। टॉप 2 में दोनों प्रतिभागी पहुंचे। गौर करने वाली बात यह है कि शो में रहते हुए फरहाना ने छोटे पर्दे पर कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने गौरव खन्ना पर भी कटाक्ष किया था। तब सलमान खान ने गौरव का बचाव करते हुए फरहाना को फटकार लगाई थी। फाइनल में गौरव ने फरहाना को ही मात दी है। यह अपने आप में काफी दिलचस्प है।

