- गीत-संगीत के बीच धूमधाम से मनाया सम्मान समारोह
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: खतौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन-2022 में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों के सम्मान में एक समारोह आयोजित कर उन्हें फूल माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगीत की महफिल भी सजी जिसमें गायक कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज में गीत सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
शनिवार की शाम जिला निर्वाचन कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन सम्पन्न कराना एक जटिल प्रक्रिया है। कोई भी कर्मचारी छोटा अथवा बड़ा नहीं होता सभी के सहयोग से निर्वाचन जैसे कठिन कार्य को सम्पन्न कराया जाता है। उन्होंने भविष्य में होने वाले निर्वाचनों में भी कर्मचारियों से मेहनत व लगन से कार्य करने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर गीत-संगीत के कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया जिसमें सत्यप्रकाश ने मैं कहीं कवि ना बन जाऊं, मदन ढींगडा ने यादों की बारात निकली, रविन्द्र ने आने से उसके आये बहार, ओमवीर ने मेरे महबूब कयामत होगी, तसव्वुर ने आसमान से आया फरिश्ता व आशु ने सजा है महखाना गीत सुनाकर श्रोताओं की वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम में खालिद अहमद, कपिल कुमार, जाहिद उस्मानी, सन्तराम पेशकार, वैभव गोयल, सरफराज आलम, जितेन्द्र कुमार, श्रीचंद, रामआशीष, सचिन कुमार, अरविन्द, सुन्दर, प्रवीण कुमार, अखिलेश कुमार को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। एडीईओ बिजनौर प्रमोद कुमार, जावेद, सोनू आदि का सहयोग रहा। अन्त में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को नव वर्ष की शुभाकामनाएं देकर कार्यक्रम का समापन किया गया।

