जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच मंगलवार तड़के करीब 3:35 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस की तेज रफ्तार ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में लगभग 65 यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सीओ महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल, मथुरा भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

