जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: आज रविवार दोपहर में राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में आशीर्वाद चौराहे के पास स्थित पुल पर एक कार और ट्रक की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई थी, जिससे कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी जोरदार थी कि कार सवार सात लोग जिंदा जलकर मौत के मुंह में समा गए।
कार में दो बच्चों और तीन महिलाओं सहित सात लोग सवार थे। ये सभी लोग सालासर बालाजी मंदिर से हिसार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी मरने वाले मेरठ के निवासी हैं और पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के रिश्तेदार भी हैं। मृतक ब्रह्मपुरी के शारदा रोड स्थित शिव शंकरपुरी कॉलोनी के रहने वाले हैं।
राजस्थान बड़ा सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, दो बच्चों समेत सात लोग जिंदा जले
आपको बता दें कि आज रविवार को जैसे ही घटना की सूचना मेरठ में परिवार तक पहुंची तो कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि घटना में पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के साले के बेटे हार्दिक, उनकी माता मंजू, पत्नी स्वाति और दो बेटियों की मौत हो गई। हार्दिक की मौसी नीलम और उनके बेटे आशुतोष की भी मौत हो गई है। परिवार के सभी सातो सदस्य कार से दर्शन करने जा रहे थे।
राजस्थान में सीकर जिला अंतर्गत फतेहपुर सर्कल के पुलिस उपाधीक्षक रामप्रताप बिश्नोई ने बयान जारी करते हुए बताया है कि कार सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के मेरठ के रहने वाले थे। सालासर बालाजी मंदिर से हिसार जा रहे थे। इसी दौरान कार हादसे का शिकार हो गया।

