जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रूमा स्थित न्यू जेके ढाबा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो चालक ने किसी अज्ञात वाहन को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
हादसे में 45 वर्षीय एक पुरुष, 13 वर्षीय एक किशोरी और करीब 9 वर्षीय एक बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम घटनास्थल पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।
हादसे में घायल हुए नौ लोगों को एंबुलेंस से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में दो महिलाएं, चार पुरुष और तीन बच्चियां शामिल हैं। इनमें हिमांशु, नील यादव, केशव भारती, अनिशा, स्नेहा और एक सात वर्षीय बच्ची का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दो महिलाओं और एक पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

