- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम, वीवीपैट वेयर हाउस का किया निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मुख्य निर्वाचन अधिकारी व प्रमुख सचिव निर्वाचन यूपी नवदीप रिणवा ने शनिवार को शनिवार को यहां आईटीआई सकेत में स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास भवन में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने चुनावी कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। उन्होंने मतदाताओं को जागरुक कर वोट प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अफसरों के साथ चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं निर्वाचन तैयारियों की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने मतदाता जागरूकता के अंतर्गत विकास भवन में बने सेल्फी प्वाइंट पर अन्य अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने ईआरओ से निर्वाचन तैयारियों से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिये। कहा कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी स्तर पर कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए, वरिष्ठ अधिकारी अपने स्तर से प्रत्येक बिन्दू की समीक्षा करें तथा अपनी निगरानी में समस्त कार्यों को त्रुटिरहित संपन्न कराये।

निर्वाचन से संबंधित मेरठ से सक्सेस स्टोरी मिलनी चाहिए। स्वीप गतिविधियों एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से प्लानिंग के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिससे महिला, युवाओं सहित प्रत्येक कैटेगरी में वोटिंग की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। पोलिंग बूथ का सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट से एक बार सत्यापन कराया जाये। बूथ स्तर पर मतदान के दिन आम वोटर के लिए कोई भी असुविधा न हो इसकी बूथवार समीक्षा कर ली जाये तथा बूथ पर शौचालय, साफ-सफाई की व्यवस्था इत्यादि को दुरुस्त कराएं।
पोलिंग कर्मियों को अच्छे से ट्रेनिंग दी जाये, जिससे उनके रवाना होने से लेकर ईवीएम व वीवीपैट जमा होने तक कोई भी समस्या उत्पन्न न हो। वोटर लिस्ट को पूर्णत: दुरुस्त करते हुये पोलिंग बूथ पर पढ़कर सुनाया जाये। जिससे कि जो नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है। समय रहते हुये उस नाम को वोटर लिस्ट में शामिल किया जा सके। यह कार्य बूथ स्तर तक पूरी निगरानी के साथ कार्य को सक्षम अधिकारी द्वारा देखा जाये। एनजीएसपी पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण त्वरित व गुणवत्तापूर्ण किया जाये।
बैठक में डीएम दीपक मीणा ने आश्वस्त किया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अक्षरश: पालन कराते हुये निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराया जायेगा। डीएम ने बताया कि इस बार सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में मतगणना की व्यवस्था की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा आईटीआई साकेत स्थित ईवीएम, वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया।

