जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। सुबह 9:35 बजे सेंसेक्स 182 अंक (0.24 प्रतिशत) की तेजी के साथ 76,660 पर और निफ्टी 60 अंक (0.25 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 23,926 पर कारोबार करता नजर आया।
शुरुआती कारोबार में मीडिया और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑटो, रियल्टी, इंडिया डिफेंस, इंफ्रा, एनर्जी और सर्विसेज सूचकांक भी हरे निशान में रहे। वहीं, मेटल और कमोडिटी सेक्टर में हल्की कमजोरी दर्ज की गई।
बाजार में लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 116 अंक (0.19 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 61,914 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 90 अंक (0.48 प्रतिशत) चढ़कर 18,951 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में एमएंडएम, टाइटन, इटरनल, एचयूएल, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल, टीसीएस, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस और बीईएल शामिल रहे। वहीं टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक, एलएंडटी, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो अधिकांश एशियाई बाजारों में तेजी का माहौल रहा। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और जकार्ता के बाजार बढ़त में कारोबार कर रहे थे, जबकि सोल का बाजार लाल निशान में रहा। मंगलवार को अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए। डाओ जोन्स 0.26 प्रतिशत और नैस्डैक 1.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.43 प्रतिशत बढ़कर 69.80 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.27 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया।
निवेशकों की गतिविधियों की बात करें तो मंगलवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 6,842.34 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की, जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,556.75 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

