- एसडीएम, सीओ सिटी व कोतवाल की मध्यस्था में समाप्त हुआ छात्र से मारपीट का मामला
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वर्धमान कॉलेज मंत्री के साथ मारपीट करने के मामले में प्रोफेसर संजय त्यागी ने सार्वजनिक रुप से माफी मांग कर अपना पीछा छुटाया। अभाविप ने प्रोफेसर संजय त्यागी पर कॉलेज मंत्री के साथ मारपीट व कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया था और प्राचार्य कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए थे।
एसडीएम व सीओ की मध्यस्था के साथ मामले का पटाक्षेप हुआ। वर्धमान डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर संजय त्यागी ने आठ फरवरी को कॉलेज के छात्र व कॉलेज मंत्री शुभम के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की थी। इस मामले को लेकर परिषद कार्यकर्ताओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया था। जिससे आक्रोशित अभाविप के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मिलकर कॉलेज में धरना आरंभ कर दिया था।
प्राचार्य ने धरनास्थल पर पहुंचकर सात दिन के भीतर प्रोफेसर के संजय त्यागी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। जिसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया था। सात दिन के बाद भी प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई नही होने पर कार्यकर्ताओं ने पीड़ित छात्र के साथ गुरूवार को प्राचार्य कार्यालय के सामने शांति पूर्ण तरीके से धरना शुरू कर दिया। धरने की सूचना मिलते की एसडीएम सदर विक्रमादित्य मलिक, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, कोतवाल राजेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
छात्र प्रोफेसर पर बिना कार्रवाई के समझने का तैयार नही हुए। एसडीएम ने कॉलेज प्रशासन को बुलाया और प्रोफेसर ने सार्वजनित रूप से अपनी गलती मानते हुए पीड़ित छात्र शुभम व कार्यकर्ताओं से माफी मांगी। प्रोफेसर ने भविष्य में अपने आचरण, व्यवहार में सुधार करने की बात कही।
छात्रों ने इसको अभाविप की जीत बताया है। प्रांत मंत्री हंस चौधरी जी ने कहा कि एक शिक्षक को छात्र से माफी मांगना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विद्यार्थी परिषद इसका समर्थन नहीं करती। परंतु संजय त्यागी के आचरण के कारण आज यह दिन देखना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान विभाग संयोजक शशिकांत बालियान, जिला संयोजक अभय भटनागर, वरिष्ठ छात्र नेता मोहित राजपूत, सुधांशु चाहल, सह जिला संयोजक हनी हलावत, आर्य वर्मा, मिथुन पंवार, नीरज, अंजली चौधरी, निक्कू, आयुष, प्रथम, दिव्यांशु, ओवेश समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

