- एसडीएम कर रहे हैं जांच
- नेशनल सिक्योरिटी एंड एंटी करप्शन क्राइम प्रिवेंटिव बिग्रेड ने सौपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: एक नए पैट्रोल पंप को लगाए जाने के चलते कूटरचित रचनाकर ग्राम पंचायत क्षेत्र की भूमि को नगर पालिका परिषद के दायरे में होना दर्शा दिया गया।
इस मामले में डीएम बिजनौर ने शिकायत की जांच एसडीएम को सौंपी जिसके बाद सम्बन्धितों विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इस सम्बंध में सोमवार को नैशनल सिक्योरिटी एंड एंटी करप्शन क्राइम प्रिवेंटिव बिग्रेड ने एसडीएम नजीबाबाद को ज्ञापन देकर पंप से बिक्री रोकने की मांग की हैं।
नेशनल सिक्योरिटी एंड एंटी करप्शन क्राइम प्रिवेंटिव बिग्रेड की राष्ट्रीय सचिव सुशीला गुप्ता ने बीते बुधवार को डीएम रमापांडे को दिए एक शिकायती पत्र में कहा था कि विगत दिनों हिंदुस्तान पैट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से एक व्यक्ति को नजीबाबाद नगर क्षेत्र में एक पैट्रोल पंप आवंटित किया गया था।
जिसके लिए पैट्रोल पंप आवंटी ने ग्राम पंचायत शेखपुर गढ़ू के मौजा इब्राहिमपुर राजू की खसरा नम्बर 230( क) , 230 (ख)नजीबाबाद-रायपुर रोड पर एक भूमि पर पैट्रोल पंप लगाने के लिए तैयारी शुरु कर दी। इस मामले में पैट्रोल पंप आवंटी ने पूर्व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नजीबाबाद सुरेन्द्र प्रताप सिंह से हमसाज होकर कूटरचित रचना कर नजीबाबाद-रायपुर रोड पर तीन किलोमीटर स्टोन के समीप स्थित ग्राम पंचायत शेखपुर गढ़ू के मौजा इब्राहिमपुर राजू की भूमि खसरा संख्या 230 क, ख तथा खसरा संख 297 को नगर पालिका परिषद नजीबाबाद क्षेत्र में होना दर्शा दिया।
इस मामले में जब एक शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को की गई तो एचपीसीएल के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक रिटेल नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि इस सम्बंध में नगरपालिका नजीबाबाद के अधिशासी अधिकारी बता चुके है कि यह खसरा नम्बर नगरपालिका क्षेत्र में है और उन्होंने शिकायत को बंद कर दिया। बाद में इस बात की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गयी।
जिसमें कहा गया कि नगर क्षेत्र के लिए आवंटित एचपीसीएल के पैट्रोल पंप को गलत तरीके से नजीबाबाद-रायपुर रोड पर तीन किलोमीटर स्टोन के समीप स्थित ग्राम पंचायत शेखपुर गढ़ू के मौजा इब्राहिमपुर राजू स्थित भूमि को नगर पालिका परिषद क्षेत्र में होना दर्शाकर पैट्रोल पंप लगाया जा रहा है। जिस पर डीएम ने इस सम्बंध में एसडीएम को जाँच सौपी हैं।
उधर, जांच के बीच संबंधित पेट्रोल पंप पर पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री शरू कर दी गयी, जबकि शिकायत कर्ताओं का आरोप है कि जांच पूरी भी नहीं हुयी और बिक्री शुरू कर दी गयी। सोमवार को इसी विरोध में नेशनल सिक्योरिटी एंड एंटी करप्शन क्राइम प्रिवेंटिव बिग्रेड की ओर से एसडीएम ब्रजेश कुमार को ज्ञापन दिया गया तथा कार्यवाही की मांग की गई हैं। ज्ञापन देने वालो में राष्ट्रीय सचिव सुशीला गुप्ता विक्रम सिंह खोबे, रणवीर सिंह निराला, संकोच कुमार, आलोक कुमार, अंकित कुमार, मोहम्मद रमजान, नरेन्द्र, कमल सिंह , मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

