-
पैट कंमिस ने झटके चार विकेट, केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को 60 रन से हराया
दुबई, भाषा: कप्तान इयोन मोर्गन की ताबड़तोड़ पारी के बाद पैट कमिंस की तूफानी गेंदबाजी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को करो या मरो के एकतरफा मुकाबले में 60 रन से हराकर प्लेआॅफ में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा जबकि विरोधी टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
कोलकाता के 192 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स की टीम कमिंस (34 रन पर चार विकेट), शिवम मावी (15 रन पर दो विकेट) और वरूण (20 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 131 रन ही बना सकी। रॉयल्स की ओर से जोस बटलर (35) और तेवतिया (31) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। केकेआर ने मोर्गन की 35 गेंद में छह छक्कों और पांच चौकों की मदद से नाबाद 68 रन की पारी से सात विकेट पर 191 रन बनाए। राहुल त्रिपाठी (39) और शुभमन गिल (36) ने भी पहले ओवर में झटका लगने के बाद दूसरे विकेट 72 रन जोड़कर टीम को शानदार मंच मुहैया कराया। नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिससे टीम अंतिम सात ओवर में 91 रन जोड़ने में सफल रही। इस मैच से पहले आठवें और अंतिम स्थान पर चल रही नाइट राइडर्स की टीम 14 मैचों में 14 अंक के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। रॉयल्स की टीम 14 मैचों में 12 अंक ही जुटा सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कमिंस ने पहले ओवर में रोबिन उथप्पा (06) को नागकोटी के हाथों कैच कराया जबकि उनके अगले ओवर में विकेटकीपर कार्तिक ने स्टोक्स (18) का शानदार कैच लपका। कमिंस ने तीसरे ओवर में ही विरोधी टीम के कप्तान स्मिथ (04) को बोल्ड करके रॉयल्स को तीसरा झटका दिया।

