जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को बेहतर इलाज के लिए शनिवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ले जाया जाएगा। शुक्रवार शाम ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में भर्ती कराया गया था।
राजद सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने बताया कि आईजीआईएमएस के डॉक्टरों ने उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य पाई गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें घर पर निगरानी में रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि आगे के इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए शनिवार को लालू प्रसाद यादव को AIIMS, नई दिल्ली ले जाया जाएगा।
मीसा भारती ने सफाई व्यवस्था पर भी जताई चिंता
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ ही मीसा भारती ने पटना के कौटिल्य नगर इलाके की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में उनका परिवार हाल ही में नए घर में शिफ्ट हुआ है, वहां स्वच्छता की स्थिति संतोषजनक नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह इस मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाती हैं तो लोग इसके अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाल सकते हैं।
हाल ही में नए आवास में हुआ है परिवार का स्थानांतरण
गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी करीब दो दशक तक 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रहने के बाद हाल ही में पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हुए हैं। वहीं, उनका पूर्व सरकारी बंगला बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है।

