- जांच अधिकारी ने डीएम को दी रिपोर्ट, दोषियों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सूरजकुंड डिपो पर शराब पार्टी निगम कर्मियों के गले पड़ गयी है। निगम अफसरों ने शराब पार्टी पर लीपापोती करने की पूरी कोशिश की, मगर शासन से जांच डीएम को मिल गई थी। डीएम के आदेश पर ही शराब पार्टी की जांच पड़ताल की जा रही थी।
सोमवार को इसकी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी गई, जिसमें शराब पार्टी सूरजकुंड डिपो पर ही होना बताया गया,जिसके लिए निगम के कर्मचारियों को दोषी माना गया है। इसकी पूरी जांच रिपोर्ट तैयार कर डीएम को दे दी है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक भानु प्रताप सिंह को यह जांच सौंपी गई थी। उनकी जांच रिपोर्ट में साफ कहा है कि अरुण कुमार खरखौदिया जोनल सेनेट्रीह अधिकारी व गजेन्द्र सिंह मुख्य सफाई निरीक्षक ने बार-बार स्पष्टीकरण मांगा जा रहा था, मगर इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया गया।

शराब पार्टी के साक्ष्य उन्हें उपलब्ध कराये गए, जिसमें प्रथम दृष्टया नगर निगम कर्मियो को दोषी पाया गया। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में यह भी लिखा है कि शराब पार्टी आयोजन के लिए अरुण कुमार व गजेन्द्र सिंह पूरी तरह से दोषी है। डीएम के माध्यम से इसकी जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी गई।
क्योंकि इस शराब पार्टी की शिकायत मुख्यमंत्री के पोटर्ल पर की गई थी,जिसके लिए मुख्यमंत्री आॅफिस को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है। इसके बाद ही इस मामले में निगम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

