नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक् स्वागत और अभिनंदन है। केंद्र सरकार ने सीआरपीएफ और आईटीबीपी के पूर्व महानिदेशक अनीश दयाल सिंह को नया उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy NSA) नियुक्त किया है। उन्हें देश के आंतरिक मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, अनीश दयाल सिंह मणिपुर कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं। वे दिसंबर 2024 में सेवानिवृत्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने आंतरिक सुरक्षा और अर्धसैनिक बलों से जुड़े कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई।
आईटीबीपी और सीआरपीएफ का नेतृत्व करने से पहले उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में करीब 30 वर्षों तक सेवा की, जहां उन्होंने आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मामलों पर काम किया। नए पद पर अनीश दयाल सिंह को जम्मू-कश्मीर, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर उग्रवाद जैसे संवेदनशील आंतरिक सुरक्षा मुद्दों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि आईबी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में उनके लंबे अनुभव से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को मजबूती मिलेगी। इस समय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ कई उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार कार्यरत हैं। इनमें पूर्व रॉ प्रमुख राजिंदर खन्ना अतिरिक्त राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार हैं।

