मस्जिद पर मौलवी के अवैध कब्जा करने का था आरोप
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: मस्जिद पर कब्जा करने की नियत से जबरन फर्जी बिजली कनेक्शन लेने के मामले में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पैमाइश की। जांच पड़ताल में मदरसे में कब्रिस्तान की अवैध भूमि पाई गई। राजस्व विभाग ने उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट बनाकर भेजी है।
कस्बा थानाभवन की अशरफ कॉलोनी में मस्जिद में जबरन कब्जा करने की नियत से अवैध रूप से बिजली कनेक्शन लेने का आरोप लगाते हुए मोहल्लेवासियों ने प्रशासन में शिकायत कर कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने जांच के लिए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। राजस्व विभाग की जांच पड़ताल में मदरसे में कब्रिस्तान की करीब 300 गज भूमि पर अवैध रूप से कब्जा पाया गया।
हल्का लेखपाल अंकुर ने बताया कि अशरफ कालोनी में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा की शिकायत मिली थी। जिस पर वह पुलिस विभाग के साथ शुक्रवार को भूमि की पैमाइश की गई। पैदमाइश में मदरसे में कब्रिस्तान की लगभग 300 गज भूमि पर कब्जा पाया गया है।
इसकी जांच आख्या उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें, मोहल्ले के लोगों ने तौफीक पुत्र असलम निवासी गुराना पर मस्जिद पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी।

