जनवाणी संवाददाता ।
फलावदा: थाना क्षेत्र के ग्राम महलका में पिछले दिनों वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग के मामले नामजद ग्राम प्रधान को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम महलका में पिछले दिनों दो पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई में फायरिंग हो गई थी।इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए थे।
घटना को लेकर अलर्ट मोड पर हुई पुलिस ने क्रॉस केस के साथ एक दरोगा की ओर से भी मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुकदमे में दोनों पक्षों के 17 लोग नामजद किए गए थे।पुलिस ने घटना वाले दिन दोनों पक्षों के चार लोगों को तथा बाद में एक आरोपी को अस्पताल से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
इस मामले में कप्तान डॉ विपिन ताड़ा ने जमीनी स्तर पर गोपनीय जांच भी कराई थी।इस केस में मोस्ट वांटेड बने प्रधानी के संभावित उम्मीदवार आंसू ,आरिफ सरसवा तथा महलका के प्रधान असलम की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही थी। उनकी गिरफ्तारी में विलंब होने के कारण स्थानीय पुलिस को अफसरों की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी पुलिस को शुक्रवार को सफलता मिल गई। पुलिस ने ग्राम प्रधान असलम को मुखबिर की सूचना पर दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।शेष आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी दिल्ली से हुई ही है। महलका फायरिंग का यह मामला सुर्खियों में चल रहा है।पुलिस द्वारा इस प्रकरण में बड़ी कार्यवाही करने की तैयारी की जा रही है।

