जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और महंगाई कम होने की उम्मीद के बीच इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, सप्ताह के दौरान सोना 6,000 रुपये से ज्यादा, जबकि चांदी 13,000 रुपये से अधिक महंगी हुई है।
24 कैरेट सोने के भाव में ₹6,761 का इजाफा
IBJA के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत इस सप्ताह 6,761 रुपये बढ़कर 1,49,621 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। सप्ताह की शुरुआत में इसका भाव 1,42,860 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इसी तरह, 22 कैरेट सोने की कीमत 6,193 रुपये बढ़कर 1,37,053 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। पहले इसका भाव 1,30,860 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, 18 कैरेट सोना भी महंगा हुआ है। इसकी कीमत 1,07,145 रुपये से बढ़कर 1,12,216 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
3 अगस्त को सबसे सस्ता, 7 अगस्त को सबसे महंगा रहा सोना
इस सप्ताह सोने का सबसे निचला भाव 3 अगस्त की शाम के सत्र में 1,42,557 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। इसके बाद कीमतों में तेजी देखने को मिली और 7 अगस्त की शाम सोने ने सप्ताह का उच्चतम स्तर 1,49,621 रुपये प्रति 10 ग्राम छुआ।
चांदी भी ₹13 हजार से ज्यादा चढ़ी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी इस सप्ताह जबरदस्त तेजी रही। IBJA के मुताबिक, चांदी का भाव 13,086 रुपये बढ़कर 2,31,381 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इससे पहले चांदी 2,18,295 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी।
इस सप्ताह चांदी का न्यूनतम भाव 3 अगस्त की शाम को 2,17,287 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि 7 अगस्त की शाम यह बढ़कर 2,31,381 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। IBJA की ओर से सोने और चांदी के भाव रोजाना दो बार—सुबह और शाम जारी किए जाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में तेजी बनी हुई है। सोने का भाव करीब 4,400 डॉलर प्रति औंस, जबकि चांदी करीब 63 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी के चलते आने वाले समय में महंगाई का दबाव कम होने की उम्मीद बढ़ी है। इसके अलावा डॉलर इंडेक्स में कमजोरी ने भी सोने और चांदी की कीमतों को सपोर्ट दिया है। इन परिस्थितियों के चलते निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है, जिससे दोनों धातुओं में तेजी देखने को मिली।

