जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने इस कार्रवाई पर मेटा से स्पष्टीकरण मांगा है और कहा कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
मेटा पर साधा निशाना
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मेटा और उसके प्रमुख मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने ‘जरूरत से ज्यादा झुक रही है’। साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके अकाउंट पर लगाया गया प्रतिबंध केंद्र सरकार के इशारे पर हो सकता है।
अकाउंट प्रतिबंध पर मांगा स्पष्टीकरण
केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्होंने मेटा इंडिया से सीधे पूछा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट किस वजह से प्रतिबंधित किया गया। उनके मुताबिक, मेटा के भारत कार्यालय में मौखिक रूप से उन्हें बताया गया कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है, लेकिन प्रतिबंध का कारण कोई नहीं बता रहा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यह जानकारी भी नहीं दी गई कि इस प्रतिबंध को हटाने की प्रक्रिया क्या है।
ईमेल का नहीं मिला जवाब
केजरीवाल का कहना है कि उन्होंने इस मामले में मेटा को कई ईमेल भेजे, लेकिन कंपनी की ओर से केवल सामान्य और स्वचालित जवाब मिले। उन्होंने मेटा की ग्राहक सेवा को बेहद खराब बताते हुए कहा कि यदि कंपनी इसी तरह सरकार के दबाव में काम करेगी, तो एक दिन स्थिति ऐसी हो सकती है कि भारत में केवल एक ही व्यक्ति का अकाउंट चलाने की अनुमति रह जाए। फिलहाल, मेटा की ओर से केजरीवाल के इन दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

