जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पल्हेड़ा चौकी के पास पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। करीब 18 मिनट तक मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों पर पुष्प बरसाए। इस दौरान मुख्यमंत्री पूरे जोश और उमंग में नजर आए। कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करते समय उनके चेहरे के भावों से शिवभक्तों के प्रति उनकी आस्था और उत्साह साफ दिखाई दिया।
सीएम योगी ने की कांवडियों पर पुष्प वर्षा
मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से पहुंचने के बाद कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। सड़क पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब और वातावरण में गूंजता हर-हर महादेव का जयघोष माहौल को शिवमय करता रहा। मुख्यमंत्री भी इस दृश्य को देखकर गदगद नजर आए।
पुष्पवर्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवभक्त कांवड़िये शिवालयों और प्राचीन मंदिर औघड़नाथ तथा पुरामहादेव में जलाभिषेक करेंगे। यह अटूट आस्था का महापर्व है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के चेहरों पर उमंग और उत्साह दिखाई दे रहा है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के दौरान की गई सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की भी जमकर सराहना की। उन्होंने सिपाही से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अफसरों तक की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा और उनके स्वागत के लिए की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं संभाली हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करने के लिए मेरठ पहुंचना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था, श्रद्धा और उमंग का महापर्व बताते हुए शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री के पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही पुख्ता व्यवस्था की थी।

