जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक जोरदार धमाके के बाद एक इमारत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में कई लोगों के दबने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। शुरुआती जांच में सिलेंडर ब्लास्ट के कारण इमारत गिरने की संभावना जताई जा रही है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर संदिग्ध विस्फोट और उसके बाद मकान ढहने की सूचना मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और उसके तुरंत बाद इमारत ढह गई। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
घटनास्थल पर पहुंची दमकल विभाग, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।

