जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरसावा पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा दो सिंगल ट्रॉलियों को सीज कर दिया। वाहनों के पास खनन से संबंधित कोई वैध प्रपत्र नहीं पाए गए।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनन सामग्री के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सरसावा क्षेत्र के शहाजहाँपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को रोककर जांच की। जांच में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो सिंगल ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसपी देहात के मुताबिक संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत सहित सीज कर दिया।
इसके अलावा लाल रंग की गुरुदेव मार्का तथा नीले रंग की प्रवेज मार्का दो-दो पहियों वाली सिंगल ट्रॉलियां भी रेत से भरी मिलीं, जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुबोध कुमार, उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल ऋषिपाल, कांस्टेबल रोहित कुमार तथा राजस्व विभाग के संग्रह अमीन शामिल रहे।

