जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव फिरोजाबाद में चर्चित ‘पलायन’ प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के मुख्य आरोपी मंजूर पुत्र लतीफ (प्रधान पति) को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर विकास कुमार चौहान ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया कि गांव फिरोजाबाद निवासी ओमप्रकाश उर्फ नीटू पाल पुत्र सुरेशपाल, गांव के ही शौकीन पुत्र पप्पू की दुकान किराये पर लेकर मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। आरोप है कि दुकान खाली कराने के उद्देश्य से मंजूर पुत्र लतीफ एवं उसके साथियों द्वारा उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें परेशान किया जा रहा था।
विरोध में उठाया था ‘पलायन’ का मुद्दा
सीओ सदर ने बताया कि कथित उत्पीड़न से आहत होकर ओमप्रकाश उर्फ नीटू पाल और उनके परिजनों ने विरोध स्वरूप ‘पलायन’ लिखी तख्तियां लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच की।
साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ेगी कार्रवाई
सीओ सदर विकास कुमार चौहान ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

