जनवाणी संवाददाता |
शामली: शनिवार को जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत विकास खंड शामली के अंतर्गत आने वाले वीवी इंटर कालेज, राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज, ब्रिगेडियर होशियार सिंह इंटर कालेज, हरिजन चौपाल खेडीकरमू के बूथों पर विशेष अभियान के तहत चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने मौजूद बीएलओ से पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी लेते हुए रजिस्टर चेक कर फार्म 6, 7, 8 व 8ए की उपलब्धता की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विशेष तिथियों में बूथों पर बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थिति रहें। विशेष अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार भी कराया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा से अर्ह मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान जिन-जिन बूथों पर बीएलओ गैरहाजिर हों उनकी रिपोर्ट दी जाए तथा अनुपस्थित कर्मियों का वेतन अदेय करते हुए निलंबित करने की कार्यवाही अमल में लायी जाए।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ द्वारा भरवाए जा रहे फार्मों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों के वोटर कार्ड बनाए जाएं और उन्हें मतदान करने के लिए जागरूक किया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक जनवरी 2022 को जिन व्यक्तियों की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उन सभी के विशेष अभियान के तहत वोटर कार्ड बनाने के साथ-साथ महिलाओं के भी ज्यादा से ज्यादा नए वोट बनाए जाए।
बूथ लेविल आफिसर को निर्देश दिए कि आगामी 21 नवंबर दिनांक 21 नवम्बर रविवार तथा 27 नवम्बर शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दिन सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं का नामांकन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।

