- मॉल के बेसमेंट में रखा था जनरेटर, चिंगारी से लगी भयंकर आग
- आग लगते ही फिल्म देख रहे लोगों मची भगदड़, तीनों शो चल रहे थे फुल
- लिफ्ट हुई बंद, लोगों को जहां से मिला रास्ता वहीं से निकल कर भागे
- दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, पहले भी लग चुकी है पीवीएस मॉल में आग
- हजारों की संख्या में लोग हुए जमा, अफरा-तफरी का बना रहा माहौल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पीवीएस मॉल के जनरेटर रूम में उस वक्त आग लग गई, जब मॉल के तीनों शो फुल चल रहे थे। जनरेटर मॉल के बेसमेंट में रखा हुआ था। बताया गया है जनरेटर से उठी एक चिंगारी से आग लगी है। आग इतनी भीषण थी कि फिल्म देख रहे लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों को जहां से भी रास्ता मिला वहीं से निकलकर सड़क की ओर भागे। आग लगने के बाद पीवीएस मॉल की लिफ्ट भी बंद हो गई थी। सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। मॉल के बाहर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
पीवीएस मॉल में गुरुवार रात करीब नौ बजे जनरेटर रूम में आग लग गई। जनरेटर रूम मॉल के बेसमेंट में बना हुआ है। देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई। जिस समय मॉल में आग लगी उस समय तीनों शो फुल चल रहे थे। आग की सूचना मिलते ही फिल्म देख रहे लोगों में भगदड़ मच गई। आग के कारण लिफ्ट बंद हो गई, जिस कारण लोगों को जहां से भी रास्ता मिला, वहीं से निकलकर सड़क की ओर दौड़े।

मॉल के कर्मचारियों ने आग की सूचना थाना पुलिस समेत दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक-एक कर पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि देर रात तक आग से हुए नुकसान का कोई आंकलन नहीं हो सका था।
तीनों शो में थे 960 दर्शक
गुरुवार को बाबा साहेब की जयंती की छुट्टी होने के कारण पीवीएस मॉल के तीनो शो फुल चल रहे थे। शाम का शो देखने के लिए तीनों शो के 960 टिकट बिके थे। दर्शकों को जैसे ही बेसमेंट में आग लगने की सूचना मिली तो एकदम से भगदड़ मच गई। दर्शकों को जहां से रास्ता मिला, वहीं से निकलकर सड़क की ओर दौड़े।
लिफ्ट में फंसे चार लोग, शीशे तोड़कर निकाला बाहर
पीवीएस मॉल के बेसमेंट में आग लगने के बाद जैसे ही लोगों को पता चला तो वहां भगदड़ मच गई। सिनेमा हॉल से बाहर निकले चार लोग लिफ्ट से नीचे आ रहे थे। जैसे ही वह नीचे पहुंचे तो आग के कारण मॉल में ब्लैक आउट कर दिया गया। जिससे चारों लोग लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट में फंसे चारों लोगों को देख पार्किंग कर्मचारियों ने शीशा तोड़कर उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला।
पार्किंग में फंसी गाड़ियां
पीवीएस मॉल से निकलने बाद लोग पार्किंग में अपनी गाड़ियां लेने के लिए पहुंचे। जैसे ही एकदम से सभी लोग अपनी गाड़ियों को निकालने लगे तो वह पार्किंग में फंस गए। इसके बाद पार्किंग कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें समझाकर एक-एककर गाड़ियों को बाहर निकलवाया।
लोगों ने की नारेबाजी, टिकट के पैसे मांगे वापस
फिल्म के शो शुरू होने के कुछ देर बाद ही बेसमेंट में बने जनरेटर रूम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने के बाद फिल्म देख रहे सभी लोग किसी तरह बाहर सड़क पर पहुंचे। इसके बाद लोगों ने अपने टिकट के पैसे वापस करने को लेकर वहां हंगामा कर दिया। लोगों ने पीवीएस मॉल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझाकर मामला शांत कराया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
पीवीएस मॉल में आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक-एककर तीन बड़ी और दो छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, बताया गया है कि मॉल में सेफ्टी टैंक भी ब्लेक आउट होने के बाद बंद हो गया था। जिस कारण दमकल कर्मियों को अधिक मशक्कत करनी पड़ी।
जनरेटर में आग लगने से फायर सिस्टम का जला केबल
जनरेटर रूम में आग लगने के बाद फायर सिस्टम का केबिल भी जल गया था। मॉल के कर्मचारियों ने जैसे ही फायर सिस्टम से खुद ही आग पर काबू पाने की कोशिश की तो वह चल नही सकें। जिसके बाद आनन-फानन में दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई।
फायर सिस्टम की डेट भी हो चुकी थी एक्सपायर
पीवीएस मॉल में लगे फायर सिस्टमों की डेट एक्सपायर हो चुकी थी। जिस कारण वह काम नहीं कर सकें। मॉल प्रबंधन की इस लापरवाही के कारण लोगों की भीड़ ने वहां हंगामा कर दिया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
कमरे से बाहर नहीं निकली आग, हो सकता था बड़ा हादसा
चीफ फायर आॅफिसर संतोष कुमार का कहना था कि जनरेटर रूम में आ लगने से पूरे मॉल में धुआं ही धुआं हो गया था। गनीमत यह रही कि आग कमरे से बाहर नहीं निकल सकी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उनका कहना था कि जिस समय आग लगी है उस समय मॉल के अंदर हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।

