- रविवार रात 12 बजे से शुरू हुई महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा
जनवाणी संवददाता |
मेरठ: रक्षाबंधन पर्व को लेकर हर बार की तरह इस बार भी परिवहन विभाग ने तमाम तरह की तैयारियां की है। इसको लेकर बसों की अतिरिक्त संख्या के साथ-साथ फेरे भी बढ़ाएं गए हैं। रविवार रात 12 बजे से महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। प्रमुख मार्गों के लिए हर डिपो के छह चक्कर लगाए गए हैं। योगी सरकार ने रोडवेज बसों में रक्षाबंधन को लेकर महिलाओं को एक दिन के लिए मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। यह सुविधा 18 अगस्त की रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
इन पूरे 24 घंटे के अंदर महिलाएं रोडवेज बस में बैठकर किसी भी रूट पर जाने के लिए मुफ्त में सफर कर सकती है। रक्षाबंधन पर्व पर महिलाओं की यात्रा को आसान बनाने के लिए मेरठ डिपो ने 135 बसों के अलावा 60 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। यह सभी बसे हर रूट पर छह-छह फेरे लगाएंगी। मेरठ डिपो की एआरएम समीना अंजुम ने बताया कि बिजनौर जाने के लिए अधिक भीड़ है। इसके अलावा डिमांड के हिसाब से आनंद विहार पर भी उनकी बसों को भेजा गया है। यहां से नजीबाबाद, दिल्ली, बिजनौर, शामली, मुजफ्फरनगर आदि रूट के लिए 60 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है।
यहां से बसों को हरिद्वार, कोटद्वार, देहरादून, दिल्ली, अजमेर, आनंद विहार, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद सहित 32 रूटों पर बसें लगातार निर्धारित समय के अंतर से चल रही है। उन्होंने बताया कि जिन रूट पर अधिक भीड़ होने की जानकारी मिल रही है, उनके लिए भी सुविधा की जा रही है। वहां अतिरिक्त बसों को शुरू किया जा रहा है। महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्व को लेकर बसों के किसी भी कर्मचारी को छुट्टी नहीं दी गई है। सभी की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है। फोन करके भी परिचालक और चालक को बुलाया जा रहा है। हालांकि परिचालकों की कमी है, लेकिन कार्य को प्रभावित नहीं होने दिया जा रहा है।
बस कर्मचारियों के लिए भी शुरू की प्रोत्साहन योजना
रक्षाबंधन के पर्व पर सरकार ने महिलाओं को सुविधा देने के साथ-साथ रोडवेज बसों के चालक और परिचालकों का भी ध्यान रखा है। उन्हें किलोमीटर के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना 15 दिन के लिए लागू की जाएगी। प्रतिदिन 300 किलोमीटर चलाने वाले को 3000 रुपये प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी। इसके अलावा कार्यशाला तकनीकि कर्मचारी, श्रमिक, आउटसोर्स कार्मिक को 15 दिन तक लगातार काम करने पर 1200 रुपये प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी। एआरएम समीना अंजुम ने बताया कि योजना अवधि में लौडफैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होने पर ही देय होगा। इससे अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से अतिरिक्त देय होगा।
ट्रेने फुल, भाइयों के पास पहुंचने को बहनों ने बहाया पसीना
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर रविवार को ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। भाइयों के पास पहुंचने को बहनों को खासा पसीना बहाना पड़ा। यात्रियों से खचाखच भरीं ट्रेनों में बड़ी संख्या में महिलाएं मशक्कत करके सवार हुर्इं। आज रक्षाबंधन का त्योहार है। रविवार को स्कूल कालेज, आफिस की छुट्टी के चलते हजारों बहनें दूसरे शहरों या कस्बों व गांवों में रहने वाले अपने भाई को राखी बांधने के लिए ट्रेनों से जाने के लिए सिटी स्टेशन व कैंट स्टेशन पहुंची। ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी।
डीएम पैसेंजर, वन डीएस, टू डीएस, एनडीएस, शालीमार एक्सप्रेस, देहरा एक्सप्रेस, गोल्डन टेम्पल, उत्कल कलिंगा एक्सप्रेस, अहमदाबाद मेल, उज्जैनी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। अधिकांश पैसेंजर ट्रेनो में यात्रियों ने ट्रेन के डिब्बे के गेट पर लटककर यात्रा की। उक्त ट्रेनों के स्टेशन पहुंचने पर महिलाओं को डिब्बे में घुसने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेनों में बच्चों को चढ़ाना बेहद जोखिमभरा रहा। कुछ यात्री को भीड़ के चलते ट्रेनों में सवार ही नहीं हो पाए।

