जनवाणी संवाददाता |
शामली: जनपद शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा कलां में करंट लगने से सास और बहू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वृद्धा बल्ब जलाने गई थी और करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहू भी करंट की चपेट में आ गई।
मृतकों की पहचान गांव कसेरवा कलां निवासी वृद्धा बतून पत्नी शेरदेन और उनकी बहू खुशनुमा पत्नी रोजाऊ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बतून घर में बल्ब जलाने गई थीं, तभी उन्हें करंट लग गया। उन्हें बचाने के लिए खुशनुमा आगे बढ़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर आदर्श मंडी थाना पुलिस और राजस्व विभाग के लेखपाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

