- कटिंग करा रहे युवक को मारी गोली, दो दिन पहले हुई थी कहासुनी
- हत्यारोपी को मुठभेड़ में लगीं दो गोलियां
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लोहिया नगर थाना के हुमायूंनगर में लड़की के लिए दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार होने का प्रयास कर रहे मुख्य हत्यारोपी को पुलिस ने ततीना के जंगलों में घेर लिया। मुठभेड़ में हत्यारोपी के पैर में दो गोलियां लगी हैं।
नूरगार्डन निवासी 24 वर्षीय समीर पुत्र असलम रविवार की सुबह करीब 10 बजे घर के समीप हुमांयू नगर में लवली हेयर ड्रेसर के यहां वसीम से हेयर कटिंग करने को पहुंचा था।
रविवार छुट्टी का दिन होने की वजह से दुकान पर कटिंग कराने वालों की काफी भीड़ थी। वसीम की दुकान के बराबर वाली दुकान फतेहउल्लापुर निकट शिव मंदिर निवासी अमीरू की है। वह बाइक मैकेनिक है। जिस वक्त समीर कटिंग करा रहा था, उस वक्त अमीरू बाइक रिपेयरिंग कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियोें के अनुसार अमीरू अचानक दो अन्य युवकों के साथ कटिंग करा रहे समीर के पास आया और उसको दो गोली मार कर फरार हो गया। सिर में गोली लगते ही समीर कुर्सी पर एक ओर निढाल होकर लुढ़क गया।
दुकान पर चीख-पुकार मच गयी। लोग तेजी से बाहर की ओर भागे। दुकान छोड़कर वसीम भी भाग गया। किसी ने सूचना दी तो रोते बिलखते हुए समीर के परिवार वाले वहां आ गए। घायल समीर को उठाकर वो प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां से मेडिकल रेफर कर दिया गया। मेडिकल में डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मेडिकल में परिवार के सभी लोग पहुंच गए। इस बीच लोहिया नगर पुलिस भी मेडिकल पहुंच गयी। परिजनों से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जाता है कि हत्यारोपी व मृतक फतेहउल्लापुर निवासी एक ही युवती से बात किया करते थे।
दोनों ही इस युवती को एक-दूसरे से बात करने से मना करते थे। युवती से बात करने को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। दोनों ही एक-दूसरे को युवती से बात न करने को कहा करते थे, लेकिन दोनों ही उससे लगातार बात करते रहते थे। हालांकि आसपास के लोगों ने यह भी जानकारी दी कि दो दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। समीर ने अमीरू को उसकी दुकान ही चांटा मार दिया था। वह बाइक का साइलेंसर कराने को उसकी दुकान पर पहुंचा था।
…तो चांटा बना समीर की हत्या की वजह
समीर की अमीरू ने हत्या क्यों की? इसको लेकर जितने मुंह उतनी ही बात सुनने में आ रही है। कुछ का कहना है कि एक दिन पहले समीर बाइक का साइलेंसर का काम कराने के लिए अमीरू के पास आया था। उस दौरान युवती को लेकर उसने अमीरू को चांटा मार दिया था। उसके बाद आज अमीरू ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर समीर की हत्या कर दी। उसको चार गोलियां मारी गयीं। कुछ का ये भी कहना है कि आज समीर के रिश्ते वाले भी आने वाले थे। इसी वजह से वो कटिंग व शेविंग कराने आया था। पुलिस ने एनकाउंटर में अमीरू को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उसके दो साथियों, जिनका नाम आ रहा है, उस पर अभी पुलिस चुप है।
एसपी सिटी और सीओ पहुंचे मौके पर
हत्या की वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, सीओ कोतवाली आशुतोष व इंस्पेक्टर लोहिया नगर मयफोर्स के मौका-ए-वारदात पर पहुंच गए। लोगों से घटना की जानकारी ली। पता चला है कि समीर व अमीरू पहले आपस में दोस्त हुआ करते थे। किसी बात को लेकर उनके बीच दरार हो गयी। कुछ का कहना है कि इस दरार की वजह कोई युवती है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या की वजह युवती बतायी जा रही है।
हत्यारोपी को कराया अस्पताल में भर्ती
एसएसपी रोहित सजवाण ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हत्याभियुक्त की पुलिस टीम ने लोहिया नगर के ततीना क्षेत्र में घेराबंदी कर ली। उसको समर्पण के लिए कहा गया, लेकिन बजाए समर्पण के उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। मौके पर हुई मुठभेड़ में हत्याभियुक्त अमीरू को पांव में दो गोली लगी हैं। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल होने की वजह से अमीरू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्यारोपी दूसरे जनपद में भागने का प्रयास कर रहा था।

